पेंशन रुक सकती है! 22 और 24 अप्रैल को सत्यापन नहीं कराया तो होगा बड़ा नुकसान

Dehradun। देहरादून जिले में पेंशनरों के भौतिक सत्यापन के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी Savin Bansal के निर्देश पर समाज कल्याण, महिला कल्याण और ग्राम्य विकास विभाग की संयुक्त टीम द्वारा 22 और 24 अप्रैल को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि इस अभियान के पहले चरण में सहसपुर और डोईवाला विकासखंडों को शामिल किया गया है। 22 अप्रैल को सहसपुर ब्लॉक के ग्राम खुशहालपुर स्थित पंचायत भवन में और 24 अप्रैल को डोईवाला ब्लॉक के राइका बुल्लावाला में सुबह 11 बजे से सत्यापन प्रक्रिया शुरू होगी।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन शिविरों में ग्राम प्रधान, सहायक समाज कल्याण अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। मौके पर ही परिवार रजिस्टर की नकल प्रस्तुत कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिससे पेंशनरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस सत्यापन अभियान में वृद्धावस्था, दिव्यांग, विधवा और परित्यक्ता पेंशनधारकों को स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है। उन्हें अपने साथ वोटर आईडी और आधार कार्ड की मूल प्रति लेकर आना होगा, ताकि पहचान की पुष्टि की जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथियों पर सत्यापन के लिए उपस्थित न होने वाले पेंशनरों की पेंशन धनराशि को अस्थायी रूप से रोका जा सकता है। इसलिए सभी पात्र लाभार्थियों से समय पर शिविर में पहुंचकर सत्यापन कराने की अपील की गई है।

इस पहल का उद्देश्य पेंशन व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाना है, ताकि सही लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.