30 दिन से लंबित शिकायतों पर सख्त एक्शन! Pushkar Singh Dhami का बड़ा आदेश

Dehradun। उत्तराखंड में लंबित शिकायतों के निस्तारण को लेकर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। सचिवालय में आयोजित सीएम हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों को बिना पर्याप्त कार्रवाई के ‘फोर्स क्लोज’ नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी शिकायत को जबरन बंद किया जाता है, तो उसके लिए संबंधित जिलाधिकारी, विभागाध्यक्ष या सचिव की संस्तुति अनिवार्य होगी। इसके बिना किसी भी स्तर पर शिकायत बंद करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सीएम धामी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन-1905 केवल एक फोन नंबर नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के विश्वास और अपेक्षाओं का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर शिकायत का निस्तारण तभी माना जाएगा जब शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि शासन के अधिकारी, विभागाध्यक्ष और सभी जिलाधिकारी नियमित रूप से लंबित मामलों की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी स्तर पर हर सप्ताह और विभागीय सचिव स्तर पर प्रत्येक माह कम से कम दो बार समीक्षा बैठक आयोजित की जाए, ताकि शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी हिदायत दी कि हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को मुख्यमंत्री कार्यालय में सीधे प्राप्त शिकायतों के समान गंभीरता से लिया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

राज्य सरकार के इस सख्त रुख से उम्मीद जताई जा रही है कि जनता की शिकायतों का निस्तारण अब अधिक पारदर्शी और तेजी से होगा, जिससे शासन-प्रशासन पर लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.