रोड शो के बीच अचानक बिगड़ी मिथुन चक्रवर्ती की तबीयत—बीच में ही रोकना पड़ा कार्यक्रम!

मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं और सभी दल प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी बीच गुरुवार को बरहमपुर में आयोजित एक रोड शो के दौरान बॉलीवुड अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके कारण उन्हें कार्यक्रम बीच में ही छोड़ना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, मिथुन चक्रवर्ती भाजपा प्रत्याशी सुब्रत मित्रा के समर्थन में रोड शो कर रहे थे। यह रोड शो बरहमपुर के गांधी कॉलोनी से शुरू होकर पुराने कांदी बस स्टैंड होते हुए खगरा चौराहे तक जाना था। शुरुआत में कार्यक्रम उत्साह के साथ चल रहा था और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे।

हालांकि, नतुन बाजार स्थित जॉय कालीबाड़ी के पास पहुंचते ही मिथुन चक्रवर्ती की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद उन्होंने रोड शो को वहीं समाप्त करने का निर्णय लिया। सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में पड़ रही तेज गर्मी और उमस उनकी तबीयत बिगड़ने की वजह हो सकती है।

मिथुन चक्रवर्ती ने कार्यक्रम के दौरान दावा किया कि जनता का समर्थन भाजपा के पक्ष में है और पार्टी उम्मीदवार की जीत निश्चित है। उनके कार्यक्रम से हटने के बावजूद रोड शो जारी रहा। भाजपा प्रत्याशी सुब्रत मित्रा, जिलाध्यक्ष मलय महाजन और अन्य कार्यकर्ताओं ने शेष मार्ग तय करते हुए खगरा चौराहे तक कार्यक्रम को पूरा किया।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने दावा किया कि इस बार जनता परिवर्तन चाहती है और जमीनी स्तर पर पार्टी को समर्थन मिल रहा है। वहीं, मिथुन चक्रवर्ती की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद समर्थकों में चिंता भी देखी गई।

फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बताया जा रहा है कि उन्हें आराम की सलाह दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.