दिल्ली-दून कॉरिडोर पर BJP का बड़ा दावा, क्या सच में बदल रही विकास की तस्वीर?

 दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने इस परियोजना को उत्तराखंड में विकास की नई तस्वीर बताया है।

चौहान ने कहा कि यह कॉरिडोर राज्य में तेजी से हो रहे बुनियादी ढांचे के विकास का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसके उद्घाटन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह परियोजना प्रदेश को नई आर्थिक गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह की बड़ी परियोजनाएं यह साबित करती हैं कि “विकास ही मोदी की गारंटी” क्यों कहा जाता है। भाजपा नेता ने कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए उन्हें हताशा और निराशा का परिणाम बताया। उनका कहना था कि प्रदेश की जनता अब विकास के मुद्दे पर स्पष्ट सोच रखती है और विपक्ष के आरोपों को गंभीरता से नहीं लेती।

चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास की एक लंबी लकीर खींची है, जिससे विपक्ष के आरोप स्वतः ही कमजोर पड़ जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि धामी सरकार ने भर्ती घोटालों के मामलों में सख्त कदम उठाते हुए माफिया नेटवर्क को तोड़ा है और युवाओं की मांग पर मामलों की सीबीआई जांच की सिफारिश भी की है।

उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

भाजपा नेता का कहना है कि आने वाले समय में इस तरह की परियोजनाएं उत्तराखंड को विकास के नए आयाम तक ले जाएंगी और जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.