After Header-1

लातेहार निबंधन कार्यालय में कम रजिस्ट्री पर आयुक्त सख्त, दिए बड़े निर्देश

300×250 ADS-1

लातेहार (पलामू),  प्रमंडलीय आयुक्त Kumud Sahay ने सोमवार को लातेहार समाहरणालय स्थित अवर निबंधन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निबंधन कार्यों की पारदर्शिता, दक्षता और जनसेवा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कार्यालय में उपलब्ध मानव संसाधन, कार्यों के विभाजन और जिम्मेदारियों की विस्तार से जांच की। साथ ही आगत-निर्गत पंजी, फी बुक, दस्तावेज निबंधन रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उन्हें अद्यतन, त्रुटिरहित और व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।

जिला अवर निबंधन पदाधिकारी द्वारा मानव संसाधन की कमी की समस्या उठाए जाने पर आयुक्त ने आवश्यक प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव भेजने को कहा, ताकि इस संबंध में विभागीय स्तर पर कार्रवाई हो सके। उन्होंने उपायुक्त Utkarsh Gupta के माध्यम से भी संसाधनों की पूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

300×600 ADS-2

निबंधन कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि कार्यालय में प्रतिदिन औसतन केवल 12 रजिस्ट्रियां हो रही हैं। इस पर आयुक्त ने असंतोष जताते हुए लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने और रजिस्ट्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने ऑनलाइन निबंधन प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, दस्तावेज सत्यापन को सख्त करने और भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाने पर बल दिया। आयुक्त ने विशेष रूप से भूमि से जुड़े मामलों में फर्जीवाड़ा रोकने और प्रतिबंधित भूमि के निबंधन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड रूम के रख-रखाव, अभिलेखों के डिजिटलीकरण और आम नागरिकों के लिए बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

इससे पहले आयुक्त के लातेहार पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन द्वारा उनका स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.