देहरादून में लगा मुफ्त हेल्थ कैंप—150 लोगों की जांच, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

देहरादून। शहर के मोथरोवाला स्थित कम्युनिटी फार्मेसी में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन सुशीला इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज द्वारा नेचुरल रिसोर्स मैनेजमेंट सोसाइटी और विष्णुपुरम जनकल्याण समिति के सहयोग से किया गया। वहीं सेवन मून हॉस्पिटल और मैक्स लैब ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।

शिविर में क्षेत्र के 150 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 100 से अधिक मरीजों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार संबंधी सुझाव दिए। इस दौरान विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया।

शिविर का एक महत्वपूर्ण पहलू सामाजिक जिम्मेदारी भी रहा, जिसमें 20 से अधिक युवाओं ने मान्या चैरिटेबल ब्लड सेंटर के लिए स्वैच्छिक रक्तदान किया। इससे युवाओं में समाजसेवा और मानवता के प्रति जागरूकता का संदेश गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सेवन मून हॉस्पिटल की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शोभना सिंह का विशेष परामर्श सत्र रहा। उन्होंने महिलाओं को मातृत्व स्वास्थ्य, स्त्री रोग और सामान्य स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इसके अलावा, फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ डॉ. तनप्रीत ने लगभग 30 मरीजों को मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं का उपचार प्रदान किया और उन्हें नियमित व्यायाम से जुड़ी सलाह दी।

यह कार्यक्रम डॉ. ज्योति जुयाल पंत के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद रमोला उपस्थित रहे। साथ ही कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और समिति सदस्यों ने भी भाग लेकर कार्यक्रम की सराहना की।

आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य स्थानीय लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने सभी सहयोगी संस्थाओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.