मुंबई (ईएमएस)। महाराष्ट्र के जालना जिले के एक युवक को सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान उद्धव भगवान काप्से के रूप में हुई है, जिसने कथित तौर पर देवेंद्र फडणवीस की छवि धूमिल करने और अजित पवार से जुड़े एक कथित विमान हादसे को लेकर गलत जानकारी फैलाने वाला वीडियो तैयार किया था।
मुंबई साइबर पुलिस के अनुसार, यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और हटाए जाने से पहले इसे करीब 1.5 लाख बार देखा जा चुका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी क्षेत्रीय साइबर सेल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान की और उसे जालना से मुंबई लाया गया। बाद में उसे बांद्रा की अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 10 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
जांच में सामने आया कि वीडियो में मुख्यमंत्री फडणवीस को निशाना बनाते हुए भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री शामिल थी। साथ ही, अजित पवार से जुड़े कथित विमान हादसे को लेकर भी गलत तथ्यों को प्रस्तुत किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पहले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी और बाद में तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।
पूछताछ के दौरान काप्से ने स्वीकार किया कि उसने उपलब्ध वीडियो फुटेज को इकट्ठा कर एआई टूल्स की मदद से उसे एडिट किया और सोशल मीडिया पर साझा किया। वह जालना जिले के बुट्टेगांव गांव का निवासी है और 10वीं तक शिक्षित है।
गौरतलब है कि 26 मार्च को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस मामले को लेकर बयान दिया था और इसे महाराष्ट्र को बदनाम करने की साजिश बताया था। यह घटना सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक सामग्री फैलाने के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई का एक बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।