भुवन चंद्र खंडूड़ी को भाजपा मुख्यालय में अंतिम विदाई, भावुक हुए मुख्यमंत्री धामी

देहरादून स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को भावुक माहौल देखने को मिला, जब उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए लाया गया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया और उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम सम्मान प्रकट किया। पूरे परिसर में शोक और संवेदना का माहौल बना रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन अनुशासन, ईमानदारी, सादगी और राष्ट्रसेवा का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी ने उत्तराखंड के विकास और जनसेवा के लिए जो योगदान दिया, उसे प्रदेश हमेशा याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, मेयर सौरभ थपलियाल और भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने खंडूड़ी के राजनीतिक जीवन और उनकी सादगी को याद किया। सेना से राजनीति तक का उनका सफर हमेशा प्रेरणादायक माना जाता रहा है। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.