सीजफायर का असर: सोना 1.53 लाख पार, चांदी में भी जबरदस्त उछाल—आज के ताजा रेट चौंकाएंगे

नई दिल्ली (ईएमएस)। अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर के बाद वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बना है, जिसका असर कीमती धातुओं पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सुरक्षित निवेश के तौर पर माने जाने वाले सोना और चांदी के दामों में बुधवार को जोरदार उछाल दर्ज किया गया।

घरेलू वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का जून कॉन्ट्रैक्ट 3,200 रुपये से अधिक की तेजी के साथ 1,53,550 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर खुला। कारोबार के दौरान सोने की कीमत 1,53,944 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंची, जबकि निचला स्तर 1,53,389 रुपये दर्ज किया गया। खबर लिखे जाने तक सोना करीब 1,53,499 रुपये पर कारोबार करता नजर आया।

चांदी के दामों में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। एमसीएक्स पर मई कॉन्ट्रैक्ट 9,000 रुपये से अधिक की बढ़त के साथ 2,40,601 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला और बाद में यह करीब 2,42,902 रुपये तक पहुंच गया। दिन के दौरान चांदी ने 2,44,770 रुपये का उच्च स्तर छुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो कॉमेक्स पर सोना 4,747 डॉलर प्रति औंस पर खुलकर 4,835 डॉलर तक पहुंच गया, जबकि चांदी 76 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गई।

विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक तनाव में कमी और निवेशकों की बदलती रणनीति के कारण कीमती धातुओं में तेजी देखी जा रही है। ऐसे समय में निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे सोना और चांदी की कीमतों को समर्थन मिल रहा है। माना जा रहा है कि यदि वैश्विक हालात इसी तरह स्थिर रहते हैं, तो आने वाले दिनों में भी इन धातुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव के साथ तेजी बनी रह सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.