ट्रंप के फैसले से रुपया उछला! डॉलर के मुकाबले 50 पैसे मजबूत होकर पहुंचा नए स्तर पर

नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय मुद्रा में बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती देखने को मिली। रुपया 50 पैसे की तेजी के साथ डॉलर के मुकाबले 92.56 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह मजबूती वैश्विक परिस्थितियों में आए बदलाव के कारण देखने को मिली है।

दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई को दो सप्ताह के लिए टालने की घोषणा के बाद वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बना। इसका सीधा असर भारतीय मुद्रा पर भी पड़ा और रुपये को मजबूती मिली।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.92 प्रति डॉलर पर खुला और जल्द ही बढ़त बनाते हुए 92.56 के स्तर तक पहुंच गया। यह पिछले कारोबारी दिन के बंद स्तर 93.06 के मुकाबले 50 पैसे की बढ़त दर्शाता है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, युद्धविराम जैसी स्थिति बनने के बाद निवेशकों ने जोखिम वाले एसेट्स में खरीदारी बढ़ाई है। एशियाई शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली, वहीं डॉउ फ्यूचर्स में भी सकारात्मक रुझान रहा। सोना और चांदी की कीमतों में उछाल दर्ज किया गया, जबकि ब्रेंट कच्चा तेल की कीमत 100 डॉलर के स्तर से नीचे आकर करीब 96 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स भी कमजोर हुआ और 0.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.96 पर आ गया। डॉलर की कमजोरी ने भी रुपये को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि वैश्विक स्तर पर तनाव कम बना रहता है, तो आने वाले दिनों में रुपये की स्थिति और मजबूत हो सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.