दीक्षांत समारोह में राज्यपाल का बड़ा संदेश! आत्मनिर्भर भारत के लिए युवाओं को किया प्रेरित

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में 37वें दीक्षांत समारोह का आयोजन भव्य रूप से किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल एवं कुलाधिपति गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी और सांसद अजय भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में “विद्यार्थी बाजार” का उद्घाटन किया और वहां प्रदर्शित उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की गुणवत्ता और नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच छात्रों में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देते हैं।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने दीक्षांत समारोह को जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए इसे पूर्णता और नई शुरुआत का प्रतीक बताया। उन्होंने छात्रों को ‘नए युग’ की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। साथ ही विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को बेहद अहम बताया।

राज्यपाल ने कहा कि 21वीं सदी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, रोबोटिक्स, साइबर टेक्नोलॉजी और स्पेस साइंस जैसे क्षेत्रों में तेजी से बदलाव हो रहा है। ऐसे में छात्रों को इन आधुनिक तकनीकों के साथ खुद को अपडेट रखना होगा।

उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी कौशल के माध्यम से देश को विश्व गुरु बनाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने भाग लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.