सचिव वित्त से मुलाकात में कर्मचारियों को बड़ी राहत, मांगों पर मिली सहमति

देहरादून। उत्तराखंड राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को सचिवालय में सचिव वित्त दिलीप जावलकर से मुलाकात कर अपनी लंबित मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी ने किया।

बैठक के दौरान एसोसिएशन ने राज्य कर विभाग से जुड़े मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस पर सचिव वित्त दिलीप जावलकर ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए दो महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति प्रदान की।

इन मांगों में राज्य कर मिनिस्ट्रीयल कार्मिकों के लिए नए प्रस्तावित ढांचे को स्वीकृति देने और राज्य कर अधिकारी सेवा नियमावली में संशोधन शामिल है। सचिव वित्त ने आश्वासन दिया कि इन प्रस्तावों को आगे की प्रक्रिया में शीघ्रता से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे कर्मचारियों को लाभ मिल सके।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बैठक को सकारात्मक और सार्थक बताते हुए उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही इन मांगों पर ठोस निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित इन मुद्दों के समाधान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और कार्यक्षमता में भी सुधार होगा।

इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री इंद्रजीत सिंह, उपाध्यक्ष उमेश सिंह बिष्ट, संयुक्त मंत्री रविंद्र कुमार सैनी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सरकार के इस सकारात्मक रुख का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान इसी तरह किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.