72 घंटे की हैकाथॉन में AI का कमाल: 100 टीमों ने पेश किए चौंकाने वाले समाधान

देहरादून स्थित Graphic Era Deemed University में आयोजित 72 घंटे की ‘ग्राफ-ए-थॉन 3.0’ प्रतियोगिता में देशभर से आए छात्रों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचारों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस हैकाथॉन में 23 राज्यों से आई 100 टीमों ने भाग लेते हुए विभिन्न क्षेत्रों की जटिल समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, एग्रीटेक और साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों में एआई आधारित प्रोजेक्ट विकसित किए। इनमें Artificial Intelligence और आईओटी तकनीक का उपयोग करते हुए मॉड्यूलर ड्रोन डिजाइन, श्रमिकों की सुरक्षा के लिए स्मार्ट हेलमेट, ग्राउंड वाटर मॉनिटरिंग सिस्टम और जल संकट से निपटने के लिए स्मार्ट सिंचाई प्रणाली जैसे नवाचार शामिल रहे।

इस प्रतियोगिता में देहरादून की टीम ‘एरोफ्लेक्स’ ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि ‘सिंटैक्स एरर स्क्वाड’ दूसरे स्थान पर रही। तीसरे स्थान पर भोपाल की टीम ‘लिट स्क्वाड’ रही। विजेता टीमों को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन विशेषज्ञ जूरी पैनल द्वारा किया गया, जिसमें प्रो. अरुण कुमार त्यागी, ईशांक सचदेवा, डॉ. दिव्या राजपूत, साधना पांडेय और डॉ. रवि तोमर जैसे विशेषज्ञ शामिल थे। उन्होंने प्रोजेक्ट्स को नवाचार, उपयोगिता और प्रभावशीलता के आधार पर परखा।

इस आयोजन का संयुक्त रूप से संचालन ग्राफिक एरा के टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटर (टीबीआई) और Graphic Era Hill University द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, विशेषज्ञों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

यह हैकाथॉन युवाओं के लिए अपनी तकनीकी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ, जिसने यह दिखाया कि भविष्य में एआई आधारित समाधान समाज की बड़ी समस्याओं को हल करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.