After Header-1

केदारनाथ यात्रा से पहले हाई अलर्ट: डीएम ने दिए सख्त निर्देश

300×250 ADS-1

रुद्रप्रयाग में आगामी केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। यात्रा 22 अप्रैल से शुरू होनी है, जिसके मद्देनजर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी विभागों की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।

जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति की समीक्षा करते हुए भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि सड़क पर मलबा न रहे और पैचवर्क, रोड मार्किंग, चौड़ीकरण, डामरीकरण तथा क्रैश बैरियर जैसे कार्य शीघ्र पूरे किए जाएं। साथ ही आवश्यक स्थानों पर साइनेज और डायवर्जन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।

300×600 ADS-2

गौरीकुंड से केदारनाथ तक के पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, विश्राम स्थल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। घोड़ा-खच्चर संचालन के लिए पंजीकरण और बीमा की स्थिति की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती और आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कूड़ा निस्तारण, शौचालयों की सफाई और जल टंकियों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पार्किंग, बिजली, सोलर लाइट, यातायात और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग मिलकर यात्रा को सफल बनाएं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.