जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। इसी कड़ी में रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जलपाईगुड़ी रोड रेलवे स्टेशन पर कामाख्या-आनंद विहार नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस में तलाशी अभियान चलाकर 14 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, सामान्य कोच में विशेष तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान 14 लोगों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद उन्हें ट्रेन से उतारकर हिरासत में ले लिया गया।
तलाशी के दौरान उनके पास से कई आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए गए। जांच में ये सभी दस्तावेज फर्जी पाए गए। इसके अलावा उनके पास से मलेशिया की मुद्रा और कई मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि सभी आरोपित बांग्लादेश के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। वे अवैध रूप से भारत-बांग्लादेश सीमा पार कर उत्तर-पूर्व क्षेत्र में दाखिल हुए थे। इसके बाद वे कामाख्या से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे।
सूत्रों के मुताबिक, इनका अंतिम लक्ष्य दिल्ली पहुंचने के बाद जम्मू-कश्मीर जाना था। हालांकि, इससे पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें पकड़ लिया। इस कार्रवाई को आगामी चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
फिलहाल आरपीएफ सभी आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है।
