वीकेंड पार्टियों पर सख्ती: देहरादून में हुड़दंग रोकने के लिए मुख्य सचिव के कड़े निर्देश

देहरादून।  शहर में बढ़ती रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में गृह विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि देहरादून को सप्ताहांत में पार्टी और हुड़दंगियों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा।

मुख्य सचिव ने हाल के दिनों में सामने आई रोड रेज, देर रात तक चलने वाली पार्टियों और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव की घटनाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में निगरानी और गश्त बढ़ाई जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी। मुख्य सचिव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून को निर्देशित किया कि सभी थाना प्रभारियों को पीक आवर के दौरान विशेष गश्त बढ़ाने के आदेश दिए जाएं। इसके साथ ही डे-नाइट पेट्रोलिंग के साथ-साथ मॉर्निंग पेट्रोलिंग को भी सुदृढ़ किया जाए, ताकि सुबह के समय होने वाली घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

मुख्य सचिव ने बार और रेस्टोरेंट के लिए निर्धारित क्लोजिंग टाइम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सप्ताहांत में कई स्थानों पर देर रात तक पार्टियां और शोर-शराबा होता है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है और स्थानीय निवासियों को भी परेशानी होती है। इसलिए बार संचालकों को समय पर प्रतिष्ठान बंद कराने के लिए जागरूक किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

सरकार का मानना है कि सख्त निगरानी और नियमित पुलिस गश्त से शहर में अनुशासन बनाए रखने में मदद मिलेगी। प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि देहरादून को सुरक्षित और शांतिपूर्ण शहर बनाए रखा जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.