37 वर्षों की सेवा के बाद भावुक विदाई: साहिया के प्रधानाचार्य जशवंत सिंह बंगारी को नम आंखों से विदा

Atal Utkrisht Jaunsar Bawar Government Inter College, साहिया में प्रधानाचार्य जशवंत सिंह बंगारी के सेवानिवृत्त होने पर एक भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने उनके 37 वर्षों के उत्कृष्ट और समर्पित सेवाकाल को नमन करते हुए उन्हें सम्मान पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

जशवंत सिंह बंगारी ने 3 मार्च 1989 को सहायक अध्यापक (जीव विज्ञान) के रूप में अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत की। वर्ष 1997 में उन्हें प्रवक्ता अंग्रेजी के पद पर पदोन्नति मिली और 1999 से 2016 तक उन्होंने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, टिहरी में विभिन्न शैक्षिक दायित्वों का निर्वहन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षक प्रशिक्षण, पाठ्यपुस्तक निर्माण और शैक्षिक शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

प्रधानाचार्य के रूप में उनके कार्यकाल में विद्यालय ने शिक्षा, अनुशासन और आधुनिक संसाधनों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की। उनके नेतृत्व में विद्यालय में स्टीम लैब, विज्ञान चेतना केंद्र, वर्चुअल क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाएं और स्मार्ट कक्षाएं स्थापित की गईं। छात्रों ने शिक्षा, विज्ञान और खेलों में राज्य स्तर तक उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

समारोह में पीटीए अध्यक्ष प्रवीन चौहान ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बंगारी ने विद्यालय को केवल एक शिक्षण संस्थान ही नहीं, बल्कि एक संस्कारवान परिवार के रूप में विकसित किया। उन्होंने छात्रों में नैतिक मूल्यों, स्थानीय संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों ने उनके सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और दूरदर्शी नेतृत्व की प्रशंसा की तथा उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घ जीवन की कामना की। समारोह का माहौल भावुक रहा और कई शिक्षकों व छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें यादगार विदाई दी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.