रुड़की: उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार मदन कौशिक के रुड़की आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। शहर के “ए टू जेड वर्कशॉप” परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और समर्थक मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण हो उठा।
कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी धीर सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि मदन कौशिक को कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी मिलना न केवल पार्टी बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए मदन कौशिक ने कहा कि पार्टी और सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों को वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य करेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की असली ताकत है और कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही विकास की योजनाओं को जमीन पर उतारा जा सकता है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिनमें राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति , जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, जिला कोषाध्यक्ष नितिन गोयल सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। पूरे समारोह के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला और जगह-जगह मंत्री के समर्थन में नारे लगाए गए।
मदन कौशिक के इस पहले दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह था, जिसे देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ उमड़ी। यह आयोजन क्षेत्रीय राजनीति के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इससे पार्टी संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।