After Header-1

आंगनबाड़ी केंद्रों की हकीकत देख भड़कीं आयुक्त, निरीक्षण में खुली बड़ी लापरवाही

मेदिनीनगर, पलामू:  प्रमंडलीय आयुक्त  कुमुद सहाय  ने मंगलवार को शहर के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार के सख्त निर्देश दिए।

आयुक्त ने हमीदगंज-1, हमीदगंज-3, न्यू एरिया हमीदगंज-3, सिंगरा खुर्द टांड़ और सिंगरा कला स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। कई केंद्रों पर पहचान के लिए बोर्ड तक नहीं लगे थे, जिससे लोगों को केंद्र की जानकारी ही नहीं मिल पा रही थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने तत्काल मानक के अनुरूप बोर्ड लगाने का आदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति बेहद कम पाई गई। इस पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्देश्य बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है, लेकिन कम उपस्थिति इस लक्ष्य को प्रभावित कर रही है। उन्होंने सेविका और सहायिका को अपने-अपने पोषक क्षेत्र में जाकर अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बच्चों की साफ-सफाई और केंद्रों की स्वच्छता व्यवस्था भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई गई। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्रों में नियमित सफाई, पौष्टिक आहार की गुणवत्ता और सेविका-सहायिका के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बच्चों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें टॉफी व बिस्किट वितरित किए।

इसी दौरान सिंगरा कला स्थित भवन में संचालित  आयुष्मान आरोग्य मंदिर  में सुबह 11 बजे तक कोई भी स्वास्थ्य कर्मी मौजूद नहीं मिला। इस पर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों को चेतावनी दी और भविष्य में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के समय जिला समाज कल्याण पदाधिकारी  नीता चौहान सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा सामने आई तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.