रुद्रपुर। शहर में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर सामने आ रही शिकायतों के बीच रुद्रपुर के विधायक Shiv Arora ने जिला पूर्ति अधिकारी Harish Tiwari के साथ शहर की गैस एजेंसियों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और गैस आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली।
विधायक शिव अरोरा ने गाबा चौक के पास स्थित Indane Gas Agency का निरीक्षण किया, जहां बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े थे। विधायक ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि गैस आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए विदेश से गैस लेकर आने वाले जहाज जल्द भारत पहुंचने वाले हैं। अगले एक-दो दिनों में दो जहाज आने की संभावना है, जबकि कुल 21 जहाज रास्ते में हैं, जिससे आपूर्ति की स्थिति और बेहतर हो जाएगी।
विधायक ने विपक्षी दलों से भी अपील की कि इस समय राजनीतिक बयानबाजी से बचें और जनता के बीच अनावश्यक भय या अफवाह न फैलाएं। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह से स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रयासरत है।
इसके बाद विधायक ने प्रीत बिहार स्थित झा कॉलेज के सामने स्थित Bora Gas Agency का भी निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों ने जानकारी दी कि सोमवार को 451 एलपीजी सिलेंडर एजेंसी में पहुंचे थे, जिनमें से 435 सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित कर दिए गए हैं, जबकि 16 सिलेंडर अभी भी एजेंसी में उपलब्ध हैं।
इस दौरान भाजपा पार्षद राजेश जग्गा, राधेश शर्मा, सचिन मुंजाल, राजेश कामरा, मनोज मदान, सुनील सिंह, विकास सागर, डंम्पी चौपड़ा, राजीव शुक्ला, मयंक कक्कड़ और शुभम अग्रवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।