After Header-1

नाना पाटेकर का 75 की उम्र में निधन, सुबह थमीं सांसें

मुंबई/गोवा।  दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुवार सुबह करीब 5:20 बजे गोवा स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके बेटे मल्हार पाटेकर ने भी निधन की जानकारी दी।

नाना पाटेकर को सुबह गंभीर हालत में उनके गोवा स्थित आवास से अस्पताल ले जाया गया था। मणिपाल हॉस्पिटल के ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. शेखर साल्कर ने बताया कि अभिनेता को गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया था। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए करीब 45 मिनट तक लगातार सीपीआर दिया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।

डॉक्टर के अनुसार, मामले में मेडिको-लीगल केस (MLC) दर्ज किया गया है। नाना पाटेकर के निधन की वास्तविक चिकित्सकीय वजह की पुष्टि के लिए पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

नाना पाटेकर ने हिंदी और मराठी सिनेमा में अपने दमदार और अलग अंदाज के अभिनय से खास पहचान बनाई थी। ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘अग्निसाक्षी’, ‘तिरंगा’, ‘अब तक छप्पन’, ‘राजनीति’ और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। ‘क्रांतिवीर’ के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

उनकी आवाज, संवाद अदायगी और पर्दे पर किरदार को जीवंत करने की शैली उन्हें अपने दौर के सबसे प्रभावशाली अभिनेताओं में शामिल करती थी। वर्ष 2013 में उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया था।

नाना पाटेकर के अचानक निधन की खबर से उनके प्रशंसकों के साथ-साथ बॉलीवुड और मराठी फिल्म उद्योग में गहरा शोक है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.