After Header-1

मतदाता सूची में छूटे नाम जुड़ेंगे, 8 अक्टूबर से विशेष अभियान

देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूट गए पात्र भारतीय नागरिकों को सूची में शामिल करने के लिए देहरादून जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक तीन दिनों का विशेष अभियान बूथ स्तर पर चलाया जाएगा। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। इस दौरान पात्र नागरिकों को नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए कि अभियान के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ टेबल-टॉप बैठक कर अभियान की प्रक्रिया और समय-सारणी की जानकारी साझा की जाए। साथ ही बीएलओ को उनके दायित्वों और प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए जाएं।

डीएम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ना ही नहीं, बल्कि निर्वाचक नामावली को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना भी है। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर घर-घर सत्यापन तक नियमित निगरानी की जाए। प्राप्त आवेदनों और फॉर्म-6 की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रवार और बूथवार प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के साथ प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। कई अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.