After Header-1

फूलदेई पर बच्चों के साथ झूमीं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

देहरादून में उत्तराखंड के पारंपरिक लोक पर्व फूलदेई को उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने राजकीय आवास पर कुर्मांचल सांस्कृतिक एवं कल्याण परिषद के कार्यकर्ताओं और नन्हे बच्चों के साथ इस लोकपर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने फूल अर्पित कर पारंपरिक रीति-रिवाजों को जीवंत करते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं।

फूलदेई पर्व उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस पर्व में बच्चे घर-घर जाकर देहरी पर फूल चढ़ाते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा मंगलकामनाएं करते हैं। इसी परंपरा के तहत कार्यक्रम में पहुंचे बच्चों ने भी मंत्री आवास की देहरी पर फूल अर्पित कर शुभकामनाएं दीं और लोकपर्व की परंपरा को आगे बढ़ाया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया और पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि फूलदेई केवल एक त्योहार नहीं बल्कि प्रकृति, संस्कृति और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति प्रेम और संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जोड़ना बेहद जरूरी है, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सके।

कार्यक्रम में कुर्मांचल सांस्कृतिक एवं कल्याण परिषद की केंद्रीय सांस्कृतिक सचिव बबीता साह लोहनी सहित कई बच्चे मौजूद रहे। इनमें गुनगुन, नायरा, समृद्धि, दिव्यांशी, शिवन्या, पीहु, आराध्या, प्राची, नेहा, गीतेश, राघव, शानवी और आरण्या प्रमुख रूप से शामिल थे।

इस अवसर पर बच्चों के उत्साह और लोकपर्व की पारंपरिक झलक ने पूरे माहौल को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया और उत्तराखंड की लोकपरंपराओं की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.