सीएम धामी ने परिवार संग मनाया फूलदेई पर्व, बच्चों के लोकगीतों से गूंजा मुख्यमंत्री आवास

देहरादून।  उत्तराखंड के लोकपर्व फूलदेई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  ने मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए लोक संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री आवास में फूलदेई पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे बच्चों ने घर की देहरी पर फूल और चावल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। बच्चों ने “फूल देई-छम्मा देई, जतुके दियाला-उतुके सई” जैसे पारंपरिक लोकगीत गाकर पूरे वातावरण को लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया।

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें उपहार भेंट किए। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फूलदेई पर्व उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, बसंत ऋतु के आगमन का स्वागत करने और समाज में खुशहाली की कामना करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के लोकपर्व हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं और नई पीढ़ी को अपनी विरासत से परिचित कराते हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपनी पारंपरिक संस्कृति और लोकपर्वों को संजोकर रखें, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इन अमूल्य परंपराओं से प्रेरणा ले सकें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी  गीता धामी  भी उपस्थित रहीं और बच्चों को आशीर्वाद दिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.