देहरादून। देश के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक Punjab National Bank (पीएनबी) ने लोगों को आत्मनिर्भर बनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई डिजिटल ऋण योजना “पीएनबी गृह वाटिका” की शुरुआत की है। इस योजना के माध्यम से बैंक शहरी और अर्धशहरी क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को अपने घर की छत, बालकनी, आंगन और टैरेस को छोटे किचन गार्डन में बदलने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
बैंक द्वारा शुरू की गई यह डिजिटल ऋण योजना उन लोगों के लिए खास अवसर लेकर आई है, जो अपने घर पर ही ताज़ी और रसायन-मुक्त सब्जियां उगाना चाहते हैं, लेकिन संसाधनों या शुरुआती निवेश की कमी के कारण ऐसा नहीं कर पाते। “पीएनबी गृह वाटिका” के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता का उपयोग घरों में आधुनिक और वैज्ञानिक तरीके से बागवानी विकसित करने में किया जा सकेगा।
इस योजना के तहत लोग हाइड्रोपोनिक सिस्टम, वर्टिकल गार्डनिंग, ड्रिप इरिगेशन किट और जैविक खेती के लिए आवश्यक उपकरण तथा सामग्री स्थापित कर सकते हैं। इन तकनीकों की मदद से सीमित जगह में भी आसानी से सब्जियां, हरी पत्तेदार पौधे और अन्य पोषणयुक्त फसलें उगाई जा सकती हैं।
बैंक का मानना है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच किचन गार्डनिंग लोगों को न केवल ताज़ा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को भी बढ़ावा देगी। इसके साथ ही यह पहल परिवारों को आंशिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में भी सहायक सिद्ध हो सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि शहरों में बड़ी संख्या में लोग अपने घरों में सब्जियां उगाने की दिशा में कदम बढ़ाते हैं, तो इससे खाद्य सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। इसी सोच के साथ पीएनबी ने डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।
बैंक को उम्मीद है कि “पीएनबी गृह वाटिका” पहल से किचन गार्डनिंग की संस्कृति को नई पहचान मिलेगी और लोग अपने घरों में ही सुरक्षित, पौष्टिक और ताज़ा भोजन उगा सकेंगे।