देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी परेशानियां जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 170 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में आने वाले असहाय, बुजुर्ग, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी न केवल जिलाधिकारी कार्यालय बल्कि संबंधित शिकायतकर्ता तक भी पहुंचनी चाहिए, ताकि लोगों को भरोसा और पारदर्शिता का अनुभव हो।
जनता दर्शन के दौरान बंजारावाला निवासी कल्पना ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई कि उनकी पुत्री विदुषी , जो फाइलफोर्ट पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा है, आर्थिक तंगी के कारण स्कूल की फीस जमा नहीं कर पा रही है। फीस बकाया होने के कारण विद्यालय प्रबंधन ने उसे परीक्षा में बैठने से रोक दिया था। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर छात्रा को परीक्षा में शामिल कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी को **प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा योजना** के अंतर्गत छात्रा की फीस जमा कराने की व्यवस्था करने के आदेश दिए।
इसी तरह जवाहर कॉलोनी, बल्लूपुर निवासी शमशाद ने बताया कि वर्ष 2023 में एक दुर्घटना में उनका पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था और वे लंबे समय से उपचाराधीन हैं। आय का कोई साधन न होने के कारण उन्होंने आर्थिक सहायता की मांग की। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को उनकी वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने तथा प्रभारी अधिकारी शस्त्र को राइफल फंड से आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
वहीं तहसील चकराता के ग्राम कांडोई निवासी अनिल कुमार ने पीएमजीएसवाई द्वारा सड़क निर्माण के दौरान उनकी कृषि भूमि और नहर को हुए नुकसान का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि नहर निर्माण के लिए 5.04 लाख रुपये की शेष धनराशि अब तक नहीं मिली है। जिलाधिकारी ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित करते हुए 12 मार्च तक समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
जनता दर्शन के इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी की त्वरित कार्रवाई से कई फरियादियों को राहत मिली।