देहरादून में भारत-नीदरलैंड के बीच अनोखा फुटबॉल मुकाबला, 50+ टीम का मैच ड्रॉ

देहरादून।  देहरादून में पहली बार भारत और नीदरलैंड की 50 प्लस और 60 प्लस आयु वर्ग की टीमों के बीच अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। यह मुकाबला सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल देहरादून में खेला गया, जिसमें दोनों देशों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

सबसे पहले 50 प्लस आयु वर्ग की भारत और नीदरलैंड टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। यह मैच काफी रोमांचक रहा और दोनों टीमों ने कड़ा संघर्ष किया। मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। भारत की ओर से तेज तर्रार फॉरवर्ड खिलाड़ी रूद्र बहादुर छेत्री ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि नीदरलैंड की ओर से रिमी ने एकमात्र गोल दागकर मैच बराबरी पर ला दिया। भारत के गोलकीपर दीपक नेगी ने भी कई शानदार बचाव कर टीम को मजबूत स्थिति में बनाए रखा।

भारत की टीम के लिए कप्तान भूपेंद्र रावत, राजेंद्र अस्वल, प्रमोद बर्थवाल और मिडफील्डर खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं नीदरलैंड की टीम के खिलाड़ियों देव, रिमी, स्टेप और धारा ने भी अपने शानदार खेल से दर्शकों का दिल जीत लिया।

इसके बाद 60 प्लस आयु वर्ग का मैच खेला गया, जिसमें नीदरलैंड की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 3-0 से पराजित किया। नीदरलैंड की ओर से को, हंग और रोनाल्ड ने उत्कृष्ट खेल दिखाया, जबकि टीम के लिए हेंग, ओदायी और एप्पल ने गोल कर जीत सुनिश्चित की। भारत की ओर से पीसी खंडवाल, बीएम बछेती, जेपी पोखरियाल, सुभाष अरोड़ा, भरत गुसाईं, डीएस गुसाईं और मेघजंग राणा ने भी सराहनीय प्रयास किए।

मैच से पहले नीदरलैंड की 25 सदस्यीय टीम का उत्तराखंड की परंपराओं के अनुसार भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान विपिन बलूनी ने खिलाड़ियों का टीका लगाकर, पहाड़ी टोपी पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में मास्टर्स स्पोर्ट्स फाउंडेशन सोसाइटी इंडिया के पदाधिकारियों और बलूनी स्कूल के शिक्षकों व खेल प्रेमियों ने भी भाग लिया।

मैच के अंत में नीदरलैंड टीम के खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.