गृहमंत्री के दौरे पर महिला कांग्रेस का विरोध, ज्ञापन देने से पहले ही रोकी गई कार्यकर्ता

देहरादून/ऋषिकेश। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे के दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर ज्ञापन देने का प्रयास किया। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष Jyoti Rautela के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता गृहमंत्री Amit Shah को ज्ञापन देने जा रही थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया।

प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि महिला कांग्रेस प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब तक न्याय न मिलने, बढ़ते अपराध, महिलाओं की असुरक्षा, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर गृहमंत्री को ज्ञापन देना चाहती थी। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित जेफरी एपस्टीन मामले से जुड़ी कथित फाइलों में केंद्रीय मंत्री Hardeep Singh Puri का नाम सामने आने की खबरों को लेकर भी निष्पक्ष जांच और उनके इस्तीफे की मांग ज्ञापन में शामिल थी।

रौतेला ने आरोप लगाया कि महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने जा रही थीं, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें काफी देर तक रोके रखा। उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने ज्ञापन लेने की कोशिश तक नहीं की। इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिसमें उन्हें हल्की चोटें आईं।

उन्होंने बताया कि बाद में उन्हें और अन्य महिला कार्यकर्ताओं को बिना ज्ञापन लिए ही ऋषिकेश कोतवाली ले जाया गया। इस पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए रौतेला ने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल और जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने का अधिकार है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह किसी एक राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि पूरे देश के गृहमंत्री हैं। जब भी वे उत्तराखंड आते हैं, तब प्रदेश से जुड़े मुद्दों को सुनने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है।

महिला कांग्रेस ने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई को लेकर भी चिंता जताई। साथ ही अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान सार्वजनिक न होने पर भी सवाल उठाए।

इस मौके पर आशा मनोरमा शर्मा, उर्मिला ढौंढियाल थापा, अंशुल त्यागी, अंजू मिश्रा, निधि नेगी, अनीता सकलानी, दीपा चौहान, नलिनी दीक्षित, भावना शर्मा, नितिन उनियाल और गौरव रावत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.