रुद्रपुर। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। राज्य योजना के अंतर्गत 2.83 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत दो किलोमीटर हॉटमिक्स सड़क निर्माण के क्रम में स्थानीय विधायक Shiv Arora ने भगत सिंह चौक से डॉ. डोगरा क्लिनिक तक जाने वाले मार्ग का फीता काटकर शिलान्यास किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने विधायक को बताया कि यह सड़क पिछले करीब 20 वर्षों से जर्जर स्थिति में थी, जिसके कारण स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की खराब हालत के कारण आवागमन भी काफी प्रभावित हो रहा था।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से आदर्श कॉलोनी, सुभाष कॉलोनी समेत आसपास के कई क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से मुख्य बाजार के अधिकांश मार्गों का निर्माण पहले ही कराया जा चुका है और अब इस मार्ग का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर करीब 100 मीटर का यह हिस्सा भी बनकर तैयार हो जाएगा।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार निर्माण और विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क निर्माण से स्थानीय व्यापार को भी गति मिलेगी और आम लोगों को बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने विधायक शिव अरोरा का फूलमालाओं और मिठाई खिलाकर स्वागत किया और सड़क निर्माण की सौगात देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर केवल बत्रा, नरेश ग्रोवर, गुलशन नारंग, सुरमुख सिंह विर्क, राजकुमार खनिजो, अशोक गुम्बर, संदीप डोगरा, जगदीश टंडन, मयंक कक्कड़, मोहित बत्रा, मोहित चड्ढा, मनोज मदान, हरबंस गुम्बर, सुनील यादव, नमन चावला, शिवम खुराना और गौरव गांधी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।