जशपुर में तेज रफ्तार बस बनी मौत का कारण, बच्चे समेत 6 की मौत, कई गंभीर घायल

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करडेगा से कुनकुरी की ओर आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। वहीं नौ अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। यह बस करडेगा से कुनकुरी की ओर जा रही थी। करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा गांव के पास पहुंचते ही बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसा इतना तेज था कि बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार शुरू हो गई।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रशासन के अनुसार इस हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इधर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की ओर से भी इस घटना पर संज्ञान लिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और दुर्घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.