रुद्रपुर। शहर के अटरिया मंदिर में बीती रात नकाबपोश चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए नगदी से भरा दानपात्र चोरी कर लिया। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो दानपात्र गायब देखकर उनके होश उड़ गए।
मामले की सूचना तत्काल सिडकुल चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के लिए एसपी क्राइम उत्तम सिंह नेगी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी तलाशी अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुलिस को मंदिर से कुछ दूरी पर कल्याणी नदी किनारे चोरी किया गया दानपात्र और आरोपियों द्वारा मुंह पर लपेटा गया कपड़ा बरामद हुआ। दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी पूरी नगदी निकाल ली गई थी। मंदिर समिति के सचिव अरविंद शर्मा ने बताया कि मंदिर में कुल पांच दानपात्र रखे हुए हैं, जिनमें करीब 80 से 90 हजार रुपये होने का अनुमान है।
घटना की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचकर पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग करने लगे। लोगों में धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना को लेकर खासा आक्रोश देखा गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर संदिग्धों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।