देहरादून। राजभवन स्थित लोक भवन में गुरुवार को होली मिलन एवं उत्कृष्ट सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुरमीत सिंह ने प्रतिभाग करते हुए लोक भवन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि किसी भी व्यक्ति को मिलने वाला सम्मान उसके परिश्रम, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतिफल होता है। उन्होंने कहा कि सम्मान केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों की शुरुआत भी है। सम्मानित व्यक्ति से परिवार, समाज और कार्यस्थल की अपेक्षाएं और अधिक बढ़ जाती हैं, इसलिए उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन और अधिक निष्ठा से करना चाहिए।
राज्यपाल ने अनुशासन और मर्यादा को सफलता की आधारशिला बताते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए इन मूल्यों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता की कोई सीमा नहीं होती और प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्य में निरंतर सुधार करते हुए बेहतर प्रदर्शन की ओर अग्रसर रहना चाहिए।
उन्होंने कार्मिकों से सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि नैतिक मूल्यों का पालन ही एक अच्छे कर्मचारी और जिम्मेदार नागरिक की पहचान है। किसी भी प्रकार के लालच या भ्रष्ट आचरण से दूर रहकर ईमानदारी से काम करना ही सच्ची सेवा भावना है।
आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। यह पर्व आपसी मतभेदों को भुलाकर संबंधों को सुदृढ़ करने और नई सकारात्मक शुरुआत का संदेश देता है।
इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, सचिव टू गवर्नर रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव रीना जोशी सहित लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।