लखनऊ/टोक्यो, 25 फरवरी। उत्तर प्रदेश को वैश्विक सप्लाई चेन और हाई-वैल्यू मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने जापान दौरे की शुरुआत बड़े निवेश संवाद से की। टोक्यो पहुंचते ही उन्होंने जापान की प्रतिष्ठित कंपनी Konoike Transport Co., Ltd. के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की।
बैठक में लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग, मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और मेडिकल डिवाइस मैन्युफैक्चरिंग में निवेश की संभावनाओं पर गंभीर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का रणनीतिक भौगोलिक स्थान और विकसित हो रहा औद्योगिक ढांचा निवेशकों के लिए अभूतपूर्व अवसर प्रदान कर रहा है। राज्य का डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) नेटवर्क से सीधा जुड़ाव माल ढुलाई को तेज और लागत को प्रतिस्पर्धी बनाता है, जिससे निर्यातोन्मुख उद्योगों को विशेष लाभ मिलता है।
मुख्यमंत्री ने यमुना एक्सप्रेस-वे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) क्षेत्र में विकसित हो रहे मेडिकल डिवाइस पार्क का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यह परियोजना जापानी कंपनियों के लिए अत्यंत अनुकूल वातावरण प्रदान करती है। आधुनिक बुनियादी ढांचा, बेहतरीन कनेक्टिविटी, नीतिगत समर्थन और सिंगल-विंडो क्लियरेंस जैसी सुविधाएं इसे हाई-वैल्यू मैन्युफैक्चरिंग का आदर्श केंद्र बना रही हैं।
उन्होंने भारत-जापान औद्योगिक सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश निवेशकों को केवल भूमि और इंफ्रास्ट्रक्चर ही नहीं, बल्कि स्थिर नीति, कुशल मानव संसाधन और त्वरित निर्णय लेने वाली सरकार भी उपलब्ध कराता है।
जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत यामानाशी प्रांत के वाइस गवर्नर जुनिचि इशिदरा ने किया। इस दौरान जापान में भारत की राजदूत नगमा एम मलिक और भारतीय समुदाय के सदस्य भी उपस्थित रहे।
टोक्यो पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “उगते सूरज की नवोन्मेषी भूमि को प्रभु श्रीराम की पावन धरा के ‘आदित्य’ का नमस्कार।” उनकी यह यात्रा उत्तर प्रदेश की बढ़ती वैश्विक भागीदारी और भारत-जापान के गहराते आर्थिक संबंधों का प्रतीक मानी जा रही है।

