नीलकंठ महादेव में बनेगी 500 वाहनों की आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग, जाम से मिलेगी राहत

देहरादून। राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने में जुटी है। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल नीलकंठ महादेव मंदिर में बहुप्रतीक्षित बहुमंजिला पार्किंग निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत इस परियोजना को प्राथमिकता दी गई है। राज्य सचिवालय में आवास सचिव डॉ आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में पार्किंग निर्माण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

सचिव आवास डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि तीर्थ सीजन के दौरान क्षेत्र में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग में 300 से अधिक चारपहिया और 200 से अधिक दोपहिया वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था की जाएगी। कुल मिलाकर 500 से अधिक वाहनों की क्षमता वाली यह पार्किंग श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

इस परियोजना से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि मंदिर परिसर के आसपास अनावश्यक भीड़ और सड़क किनारे पार्किंग की समस्या से भी निजात मिलेगी। स्थानीय प्रशासन का मानना है कि यह सुविधा पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।

विशेष बात यह है कि पार्किंग परिसर में दो बेड का आकस्मिक स्वास्थ्य सहायता केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों और अस्वस्थ यात्रियों के लिए यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी। इसके अतिरिक्त अधिकारियों और राजकीय कार्मिकों के लिए प्रतीक्षालय एवं विश्राम कक्ष की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

सरकार का उद्देश्य नीलकंठ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव प्रदान करना है। बहुमंजिला पार्किंग परियोजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.