3 करोड़ की लागत से बन रहा भव्य सामुदायिक भवन, मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण

देहरादून। शहर के पुरूकुल गांव में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस भव्य भवन का स्थलीय निरीक्षण प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। यह भवन मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के अवस्थापना मद से स्वीकृत किया गया है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और समयसीमा की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को निर्धारित समय के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि स्थानीय जनता को शीघ्र ही इसका लाभ मिल सके। मंत्री ने कहा कि सामुदायिक भवन क्षेत्र के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।

उन्होंने बताया कि इस भवन के निर्माण से गांव और आसपास के क्षेत्रों में विवाह, सामाजिक बैठकें, सांस्कृतिक आयोजन और अन्य सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। इससे लोगों को निजी स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर सुविधाएं सुलभ होंगी।

मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि भवन में स्वच्छता, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी।

इस अवसर पर लक्ष्मण सिंह रावत, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सामुदायिक भवन के निर्माण पर खुशी जताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया।

उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही यह भवन पूरी तरह तैयार होकर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा, जिससे पुरूकुल गांव में सामाजिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.