पंतनगर में होगी राज्य स्तरीय कबड्डी जंग, साहिया शिविर से तैयार लौटीं टीमें

साहिया। उत्तराखंड राज्य स्तरीय अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिता 2025–26 का आयोजन 23 से 26 फरवरी 2026 तक गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की पुरुष एवं महिला कबड्डी टीमें पूरी तरह तैयार हैं।

प्रतियोगिता से पूर्व दोनों टीमों का 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर 11 फरवरी से सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पीजी कॉलेज, साहिया में आयोजित किया गया, जो सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। शिविर के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासित वातावरण में नियमित अभ्यास, रणनीतिक सत्र, मैच प्रैक्टिस और सघन फिटनेस प्रशिक्षण प्राप्त किया।

टीम कोच अंकित शर्मा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल को निखारने, सामूहिक तालमेल मजबूत करने और मानसिक दृढ़ता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रशिक्षण शिविर ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए आत्मविश्वास से भर दिया है।

पुरुष वर्ग के कप्तान अभिनव शर्मा और महिला वर्ग की कप्तान दीक्षा रावत के नेतृत्व में चयनित दल 22 फरवरी को साहिया से पंतनगर के लिए रवाना होगा। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के 12 और महिला वर्ग की 11 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।

दोनों टीमों में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभावान छात्र-खिलाड़ियों का चयन विश्वविद्यालय स्तर पर किया गया है। महिला टीम में रितिशा, शालू, प्रीति, अमिशा उनियाल, अनुप्रिया पवार, कंचन रावत, खुशी रानी, स्मिता, किरन गौड़ और संजना शामिल हैं। वहीं पुरुष टीम में नीरज तोमर, रोहित नेगी, गोविंद चौहान, राहुल सिंह तोमर, नितेश, कृष सजवान, आयुष बगियाल, आशुतोष सिंह बिष्ट, युवराज वर्मा, शुभम कुमाई और रोहित नेगी शामिल हैं।

टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि कठोर प्रशिक्षण का लाभ खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में मिलेगा और विश्वविद्यालय का नाम रोशन होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.