जम्मू किशोर सुधार गृह से गैंगस्टर समेत 3 कैदी फरार, 6 पुलिसकर्मी निलंबित

जम्मू, । आरएस पुरा सेक्टर स्थित किशोर सुधार गृह से एक स्थानीय गैंगस्टर और दो पाकिस्तानी नागरिकों के फरार होने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित कर्मियों में एक सहायक सब-इंस्पेक्टर भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार, आरएस पुरा के डबलेहर निवासी कराजीत सिंह उर्फ गुग्गा तथा पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद सुना-उल्लाह और अहसान अनवर सोमवार शाम करीब 5:15 बजे पुलिसकर्मियों पर हमला कर सुधार गृह से फरार हो गए। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल भी हुए।

अधिकारियों ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में कर्तव्य में लापरवाही के आरोप सामने आने पर छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई और क्या तैनात कर्मियों ने अपने कर्तव्यों का समुचित पालन नहीं किया।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है, जिनमें हत्या के प्रयास, सरकारी कर्मचारी पर हमला, हिरासत से भागना, संगठित अपराध तथा शस्त्र अधिनियम की धाराएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि फरार कैदियों के पास देसी पिस्तौल भी थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और जम्मू जोन के महानिरीक्षक भीम सेन तुती मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कैदियों को हथियार कैसे उपलब्ध हुए और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।

इस बीच ‘खौफ’ गिरोह से जुड़े एक कथित गैंगस्टर का सुधार गृह के अंदर गोलीबारी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है। पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने भी घटना को गंभीर बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.