महाशिवरात्रि पर जन्मदिन बना सेवा का पर्व, रुड़की में लगा रक्तदान शिविर

रुड़की। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रुड़की की पुरानी तहसील स्थित कश्यप धर्मशाला में रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर नगर के उभरते युवा समाजसेवी अंकुश राज ने अपने जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण को समर्पित करते हुए शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर रक्तदान किया और स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।

शिविर का उद्घाटन पूर्व मेयर गौरव गोयल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर जन्मदिन मनाने का यह अनोखा और प्रेरणादायक तरीका है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। अंकुश राज द्वारा जन्मदिन को समाजसेवा से जोड़ना युवाओं के लिए एक सकारात्मक संदेश है।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें ब्लड प्रेशर, शुगर और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण शामिल रहे। बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान दिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों, समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों की सक्रिय भागीदारी रही। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।

महाशिवरात्रि के पावन दिन पर आयोजित यह शिविर सामाजिक एकता और सेवा भावना का प्रतीक बन गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.