रुड़की। सत्ती मोहल्ला स्थित पाइनवुड ग्लोबल स्कूल में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुनील कुमार सैनी ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया।
विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और पर्यावरण विज्ञान से जुड़े अनेक आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपने प्रोजेक्ट्स के माध्यम से जटिल वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल और प्रभावशाली ढंग से समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शनी में ऊर्जा संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण और वैज्ञानिक नवाचार जैसे विषयों पर आधारित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
मुख्य अतिथि सुनील कुमार सैनी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को विकसित करने का उत्कृष्ट माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि पाइनवुड ग्लोबल स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है और यहां के विद्यार्थी अत्यंत मेधावी हैं। साथ ही उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और मार्गदर्शन की भी प्रशंसा की, जो विद्यार्थियों की सफलता की मजबूत नींव है।
विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर साजिद अली एडवोकेट ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी विद्यालय इस प्रकार के शैक्षणिक और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल सके।
कार्यक्रम में शिक्षिकाएं अरशी खान, डिम्पल कालरा, अनम सय्यद, सदफ और अक्सा खान सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और आयोजन को प्रेरणादायक बताया।