देहरादून में पुलवामा आतंकी हमले की सातवीं बरसी पर सैनिक कल्याण निदेशालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री **गणेश जोशी** ने प्रतिभाग कर शहीद जवानों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
अपने संबोधन में मंत्री जोशी ने कहा कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इस हमले में 40 वीर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि यह पीड़ा आज भी हर भारतीय के हृदय में जीवित है और देश अपने शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।
उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। 26 फरवरी 2019 को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक कर आतंकी ठिकानों को नष्ट किया। मंत्री ने कहा कि बालाकोट एयर स्ट्राइक भारत की सैन्य शक्ति और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है, जिसने दुनिया को देश की क्षमता का एहसास कराया।
गणेश जोशी ने समाज से आह्वान किया कि शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि पुलवामा हमले में शहीद हुए 40 जवानों में उत्तराखंड के दो वीर सपूत भी शामिल थे, जिनका बलिदान प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों और अधिकारियों ने भी शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम में मेजर जनरल सम्मी सबरवाल (सेनि), ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट (सेनि), कर्नल योगेंद्र कुमार (सेनि), विंग कमांडर निधि बधानी (सेनि) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और श्रद्धा का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।