रुड़की में जाट समाज सेवा समिति (पंजी.) के तत्वावधान में वीरता, दूरदर्शिता और सुशासन के प्रतीक **महाराजा सूरजमल** की 319वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। सिविल लाइन क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया और महान शासक को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा सूरजमल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और प्रशासनिक दक्षता पर प्रकाश डालते हुए उन्हें जनकल्याणकारी शासक बताया। किसान आयोग के अध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि महाराजा सूरजमल केवल पराक्रमी योद्धा ही नहीं थे, बल्कि वे कुशल प्रशासक भी थे। उन्होंने अपने शासनकाल में न्याय, समानता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया, जिससे उनका नाम इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को महाराजा सूरजमल के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने राज्य को सशक्त बनाया और दूरदर्शिता का परिचय दिया। वरिष्ठ भाजपा नेता ऋषिपाल बालियान ने शिक्षा, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए संगठित रहना आवश्यक है।
कांग्रेस महानगर रुड़की जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि महाराजा सूरजमल का जीवन संघर्ष, साहस और लोककल्याण की भावना से प्रेरित था। समिति के संरक्षक चौधरी राजेंद्र सिंह ने उनके आदर्शों को समाज के लिए मार्गदर्शक बताया। समिति के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल सिंह पंवार ने शिक्षा और जागरूकता को समाज की मजबूती का आधार बताते हुए युवाओं से आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संगठन विस्तार की भी घोषणा की गई। युवा समाजसेवी चौधरी रोबिन सिंह साखन के नेतृत्व में सुनीता पंवार को जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष तथा अक्षय चौधरी को भगवानपुर ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही कार्यकारिणी विस्तार के आदेश भी जारी किए गए।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष चौधरी अजय वर्मा, डॉ. महेश वर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष पहलाद सिंह, डॉ. इकबाल सिंह, सुरेश मलिक, रोहित राणा, विनय बालियान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महाराजा सूरजमल के आदर्शों को अपनाते हुए समाज में एकता, शिक्षा और प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पार्षद गौरव चौधरी ने किया।