उत्तराखंड में नकल के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसएससी मल्टी टास्किंग स्टाफ (नॉन-टेक्निकल) एवं हवलदार भर्ती परीक्षा-2025 में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त अभियान में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम ने देहरादून स्थित एक परीक्षा केंद्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार 13 फरवरी 2026 को देशभर में **कर्मचारी चयन आयोग** द्वारा मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) और सीबीआईसी/सीबीएन हवलदार भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही थी। इसी दौरान अभ्यर्थियों को मोटी रकम लेकर परीक्षा पास कराने की सूचना एसटीएफ को मिली।
पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ **डॉ. नीलेश आनंद भरणे** के निर्देशन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ **नवनीत सिंह भुल्लर** के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने देहरादून के एमकेपी इंटर कॉलेज स्थित ‘महादेव डिजिटल जोन’ परीक्षा केंद्र पर छापा मारा।
जांच में परीक्षा लैब के समीप यूपीएस कक्ष में 24×24 इंच का अंडरग्राउंड चैंबर मिला, जिसमें दो लैपटॉप और एक राउटर सक्रिय अवस्था में संचालित पाए गए। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि इन उपकरणों के जरिए कंप्यूटर सिस्टम को रिमोट एक्सेस कर प्रश्नपत्र हल किए जा रहे थे।
एसटीएफ ने तकनीकी और फॉरेंसिक उपकरणों की मदद से लैपटॉप, राउटर और अन्य सामग्री जब्त कर सील कर दी। मौके से नीतिश कुमार (देवरिया/दिल्ली) और भास्कर नैथानी (देहरादून) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा प्रत्येक अभ्यर्थी से परीक्षा पास कराने के लिए 10 लाख रुपये तक की मांग की जाती थी।
कार्रवाई के बाद परीक्षा केंद्र को सील कर दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।