देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने देहरादून जिले का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं और कार्ययोजना को स्पष्ट किया।
एसएसपी डोबाल ने कहा कि महिला सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी। शहर में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिससे आमजन को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
उन्होंने पुलिस बल के मनोबल को ऊंचा रखने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया। एसएसपी ने कहा कि बेहतर संसाधन, प्रशिक्षण और समन्वय के माध्यम से पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा। जनता और पुलिस के बीच विश्वास कायम रखना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने स्पष्ट संदेश दिया कि साम्प्रदायिक सौहार्द और धार्मिक सामंजस्य को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित देहरादून के निर्माण में पुलिस और जनता की साझेदारी अहम भूमिका निभाएगी। नए एसएसपी के कार्यभार ग्रहण करने से जिले में पुलिस प्रशासन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।