उत्तराखंड में सस्ते और गुणवत्तापूर्ण घरों पर सरकार का फोकस, आवास सचिव ने किया बड़ा निरीक्षण

देहरादून।  प्रदेश में हर व्यक्ति को किफायती और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को साकार करने के उद्देश्य से सरकार सुनियोजित, आधुनिक और नागरिक-अनुकूल आवासीय योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने आज आमवाला तरला आवासीय योजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) भवनों का विस्तार से निरीक्षण किया। इस दौरान भवनों की संरचनात्मक मजबूती, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, सीवरेज सिस्टम, स्वच्छता और आंतरिक सड़कों की स्थिति की समीक्षा की गई।

सचिव ने योजना के लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। लाभार्थियों ने किफायती दरों पर आवास उपलब्ध कराने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया। सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इसके अलावा एलआईजी, एमआईजी और एचआईजी वर्ग के निर्माणाधीन भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि एचआईजी वर्ग के लगभग सभी फ्लैट बुक हो चुके हैं, जिस पर सचिव ने संतोष जताते हुए प्राधिकरण की सराहना की। उन्होंने अन्य वर्गों के फ्लैटों की बुकिंग और विक्रय प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर वर्ग को सुरक्षित, सुविधायुक्त और किफायती आवास उपलब्ध हो, जिससे बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.