औली में बर्फीला रोमांच शुरू, पर्यटन मंत्री ने किया नेशनल स्कीइंग कार्निवल का शुभारंभ

चमोली। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में नेशनल हिमकीड़ा स्कीइंग विंटर कार्निवल-2026 का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, खिलाड़ी और पर्यटक मौजूद रहे।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि औली की पावन एवं मनोहारी धरती पर इस आयोजन का शुभारंभ करना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड को विश्वस्तरीय शीतकालीन पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और यह कार्निवल उसी कड़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक चेतना और साहसिक पर्यटन संभावनाओं का अद्वितीय संगम है। समुद्र तल से लगभग 2500 से 3050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित औली अपने प्राकृतिक बर्फीले ढलानों, ओक और देवदार के घने वनों तथा नंदा देवी, कामेत और माना जैसे हिमालयी शिखरों के मनोहारी दृश्यों के कारण देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है। यहां की भौगोलिक संरचना और अनुकूल जलवायु इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्कीइंग प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त बनाती है।

13 से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित इस विंटर कार्निवल में स्कीइंग प्रतियोगिताओं के साथ विभिन्न साहसिक गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्थानीय लोककलाओं की प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। मंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, होमस्टे और छोटे उद्यमों को प्रोत्साहित करने तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम में पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल, विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.