After Header-1

उत्तराखंड की बेटी ने रचा इतिहास, सीएम धामी ने किया भव्य सम्मान

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी और अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और गमला भेंट कर सम्मान प्रदान किया तथा उनकी उपलब्धियों की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभा थपलियाल की सफलता उत्तराखंड की मातृशक्ति के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां विशेष रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों की बेटियों को खेल और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की महिलाएं खेल, शिक्षा, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित कर रही हैं, जो राज्य के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सदैव मातृप्रधान परंपराओं वाला राज्य रहा है। पहाड़ की महिलाएं कृषि, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की धुरी रही हैं। समय-समय पर यहां की महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा और खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान देकर देश-दुनिया में पहचान बनाई है। ऐसी प्रतिभाओं पर पूरे प्रदेश को गर्व है।

43 वर्षीय प्रतिभा थपलियाल ने पिछले चार वर्षों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी अपने नाम किया। हाल ही में 9 फरवरी 2026 को तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।

प्रतिभा थपलियाल महिला विश्व चैंपियनशिप और एशिया चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली चुनिंदा भारतीय महिला बॉडीबिल्डरों में शामिल हैं। उनकी उपलब्धि न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर निरंतर सफलता हासिल करती रहें। इस दौरान राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान भी उपस्थित रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.