देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), बीएलओ आउटरीच अभियान और बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की शत-प्रतिशत नियुक्ति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। बीएलओ के माध्यम से चलाए जा रहे आउटरीच अभियान के तहत अब तक 79 प्रतिशत मैपिंग पूरी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर और नैनीताल जैसे जिलों में राजनीतिक दलों के सहयोग से यह प्रक्रिया और तेज की जा सकती है।
बैठक में बताया गया कि अब तक विभिन्न दलों द्वारा कुल 15,437 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए जा चुके हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी द्वारा 7,165, कांग्रेस द्वारा 7,968, बहुजन समाज पार्टी द्वारा 117 और सीपीआई (एम) द्वारा 187 बीएलए नियुक्त किए गए हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी और एनपीपी द्वारा अभी तक एक भी बीएलए नियुक्त नहीं किया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से फरवरी माह तक शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्त करने की अपील की, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण और मैपिंग कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि बीएलए की सक्रिय भूमिका से पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में सहायता मिलेगी।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निर्वाचन विभाग ने आशा जताई कि सभी दल मिलकर निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूत और निष्पक्ष बनाने में सहयोग करेंगे।