मुनि की रेती–तपोवन में विकास कार्यों का जायजा, मंत्री सुबोध उनियाल ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए प्रदेश के मंत्री एवं स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल ने मुनि की रेती, ढालवाला और तपोवन क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके साथ ही ड्रेनेज और सीवरेज व्यवस्था को मजबूत बनाने, शहरी यातायात को व्यवस्थित करने और निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों के विकास से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान नदी तटों पर बाढ़ से सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे सुरक्षा पुस्तों और भूस्खलन व भूमि कटाव रोकने के लिए किए जा रहे स्लोप प्रोटेक्शन कार्यों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि इन कार्यों का उद्देश्य नदी किनारे बसे लोगों, सड़कों और सार्वजनिक संपत्तियों को सुरक्षित रखना तथा संभावित आपदाओं के जोखिम को कम करना है।

सुबोध उनियाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.