हल्द्वानी में पत्रकारों के लिए विशेष स्वास्थ्य कैंप, 100 से अधिक ने उठाया लाभ

हल्द्वानी।पत्रकारों की अनियमित दिनचर्या और व्यस्त कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हल्द्वानी मीडिया सेंटर में एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 100 से अधिक पत्रकारों और उनके परिजनों ने लाभ उठाया।

शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत और संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भी शिविर का निरीक्षण किया और उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। स्वतंत्र और निष्पक्ष मीडिया शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाने के साथ समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मीडिया कर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति संवेदनशील है।

शिविर में एक्स-रे, ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर, थायराइड और विभिन्न रक्त जांच निःशुल्क की गईं। हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग और दंत रोग विशेषज्ञों सहित फिजिशियन द्वारा विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं।

हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं और कालाढूंगी सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मीडिया कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.