घनसाली बसंत महोत्सव–2026 का भव्य आगाज, सतपाल महाराज ने किया शुभारंभ

टिहरी।घनसाली नगर पंचायत क्षेत्र में आयोजित तीन दिवसीय ‘घनसाली बसंत महोत्सव–2026’ का भव्य शुभारंभ प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज ग्रामीण निर्माण एवं जलागम मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। कार्यक्रम श्रीराम होटल परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर मंत्री सतपाल महाराज ने सभी को बसंत महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बसंत ऋतु प्रकृति के नवजीवन और उत्साह का प्रतीक है। यह पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को संजोने और समाज को एक सूत्र में बांधने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि बसंत का मौसम हमें प्रकृति के साथ जुड़ने, उसके सौंदर्य को महसूस करने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा भरने का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से महोत्सव का आनंद लेने और आपसी प्रेम व सौहार्द को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने घनसाली विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की 1 करोड़ 71 लाख 79 हजार रुपये की लागत वाली एक विकास योजना का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक शक्तिलाल शाह ने अपने संबोधन में कहा कि हमें अपनी पौराणिक संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना होगा। नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने मंत्री का स्वागत करते हुए प्रशस्ति पत्र पढ़कर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में मोहिना रावत, शियांश रावत, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, एसडीएम अलकेश नौटियाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.